कोटा: कोचिंग आई नाबालिग से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार, भीमगंजमंडी पुलिस ने टोंक से दबोचा

कोटा: कोचिंग आई नाबालिग से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार, भीमगंजमंडी पुलिस ने टोंक से दबोचा

यतीश व्यास 

कोटा। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने कोचिंग के लिए घर से निकली नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को टोंक जिले से दबोचा।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि थाना भीमगंजमंडी में दर्ज प्रकरण में नाबालिग पीड़िता को दस्तयाब कर मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बुद्धीप्रकाश (29) निवासी मोलवी नगर, थाना अलीगढ़, जिला टोंक तथा जीतेश मीणा (22) निवासी चारभुजा मंदिर के पास, चोरू, थाना अलीगढ़, जिला टोंक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 2 जून को पीड़िता के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 1 जून को हाट रोड स्थित कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर थाना भीमगंजमंडी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र मिश्रा के निर्देशन मे विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।