तीन साल का इंतजार खत्म, SET-2026 के लिए 14 जून से शुरू होंगे आवेदन, 6 सितंबर को होगी परीक्षा, कोटा विश्वविद्यालय को मिली जिम्मेदारी

तीन साल का इंतजार खत्म, SET-2026 के लिए 14 जून से शुरू होंगे आवेदन, 6 सितंबर को होगी परीक्षा, कोटा विश्वविद्यालय को मिली जिम्मेदारी

यतीश व्यास 

कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। वर्ष 2023 के बाद तीन साल के अंतराल पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 जून से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है।

कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण आयोजन विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

SET-2026 का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) पद्धति से किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा अवधि तीन घंटे होगी तथा किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अभ्यर्थी एसएसओ आईडी के माध्यम से राजस्थान सरकार के रिक्रूटमेंट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 
आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी क्रीमीलेयर वर्ग के लिए 1500 रुपए, ओबीसी नॉन-क्रीमीलेयर एवं ईडब्ल्यूएस के लिए 1200 रुपए तथा एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपए निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा 35 विषयों में आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, उड़नदस्तों की तैनाती तथा ओएमआर शीट की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले अपना ओटीआर अपडेट कर लें तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल से ही जानकारी प्राप्त करें।