कोटा: गुजरात भेजी जा रही 539 पेटी अवैध शराब जब्त, ट्रकों के गुप्त बॉक्स में छिपाकर कर रहे थे तस्करी, जीपीएस लोकेशन के जरिए संचालित किया जा रहा था तस्करी का नेटवर्क

कोटा: गुजरात भेजी जा रही 539 पेटी अवैध शराब जब्त, ट्रकों के गुप्त बॉक्स में छिपाकर कर रहे थे तस्करी, जीपीएस लोकेशन के जरिए संचालित किया जा रहा था तस्करी का नेटवर्क

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की दो खेप जब्त की हैं। थाना मण्डाना और कनवास पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की शराब और दो मिनी ट्रक जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि 10 जून को एनएच-52 पर अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर के दो मिनी ट्रकों को रोककर जांच की गई। दोनों वाहनों में चालक ट्रक खाली होने की बात कह रहे थे, लेकिन संदेह होने पर तलाशी ली गई। जांच में ट्रकों के केबिन के पीछे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स मिले, जिनमें पंजाब निर्मित रॉयल स्टेज और रॉयल चैलेंज ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।

कार्रवाई के दौरान गणेश (22) निवासी बाड़मेर और बीराराम (21) निवासी जालौर को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 16,956 क्वार्टर और 2,064 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार तस्करी का नेटवर्क जीपीएस लोकेशन के जरिए संचालित किया जा रहा था। वाहन चालकों को केवल तय स्थान तक गाड़ी पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाती थी, जबकि माल की लोडिंग और डिलीवरी की जानकारी उनसे छिपाकर रखी जाती थी। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मुख्य तस्करों की तलाश की जा रही है।