कोटा: स्काउट-गाइड शिविरों में निखर रही प्रतिभाएं, 13 जून से होंगी प्रतियोगिताएं

कोटा: स्काउट-गाइड शिविरों में निखर रही प्रतिभाएं, 13 जून से होंगी प्रतियोगिताएं

यतीश व्यास 

कोटा, 10 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन कौशल विकास शिविरों में बालक-बालिकाओं के साथ महिलाएं भी विभिन्न उपयोगी विद्याओं का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं।

स्थानीय संघ के सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि केशवपुरा, रोझड़ी और अनंतपुरा में संचालित शिविरों में मेहंदी कला, नृत्य, ढोलक वादन, कंप्यूटर शिक्षा, इंग्लिश स्पोकन, ब्यूटीशियन, ड्राइंग-पेंटिंग तथा सिलाई सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। शिविरों का उद्देश्य ग्रीष्मावकाश का सदुपयोग कर प्रतिभागियों के कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का विकास करना है।

उन्होंने बताया कि अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें भविष्य में स्वरोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। शिविरों में प्रशिक्षण के साथ रचनात्मक और प्रेरक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

जायसवाल ने बताया कि प्रतिभागियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए 13 जून से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मेहंदी, नृत्य, चित्रकला, सिलाई और इंग्लिश स्पोकन जैसी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं को लेकर प्रशिक्षणार्थियों में खासा उत्साह है।