कोटा- महंत हत्याकांड पर ब्राह्मण कल्याण परिषद का अल्टीमेटम, जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आईजी कार्यालय पर होगा जंगी प्रदर्शन

कोटा- महंत हत्याकांड पर ब्राह्मण कल्याण परिषद का अल्टीमेटम, जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आईजी कार्यालय पर होगा जंगी प्रदर्शन

यतीश व्यास 

कोटा। चंद्रेशल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ब्राह्मण समाज का आक्रोश खुलकर सामने आया है। ब्राह्मण कल्याण परिषद ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आईजी कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

परिषद ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि चन्द्रेसल मठ के महंत देवानंद महाराज की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने से समाज में भारी रोष व्याप्त है तथा आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

परिषद ने मांग की कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामले का शीघ्र खुलासा किया जाए। साथ ही निष्पक्ष, प्रभावी और गहन जांच सुनिश्चित कर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जाए।

परिषद के संयोजक अनिल तिवारी ने कहा कि समाज को पुलिस प्रशासन से त्वरित न्याय की अपेक्षा है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इस दौरान संभागीय अध्यक्ष बृजराज गौतम, धर्मेंद्र दीक्षित, अरुण भार्गव, गजेंद्र भार्गव, हौसला प्रसाद शुक्ला, डॉ. एल.एन. शर्मा, ओम शर्मा टनकारिया, आचार्य रामअवतार शर्मा, दिलीप औदीच्य, मनमोहन शर्मा, प्रमोद चतुर्वेदी, अशोक मिश्रा, गोविंद नारायण शर्मा सहित ब्राह्मण कल्याण परिषद के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।