देशभक्ति बाल कविता लेखन प्रतियोगिता के परिणाम घोषित, झालावाड़ की दक्षिता शर्मा और नाथद्वारा-कोटा के प्रतिभागी रहे अव्वल

यतीश व्यास 

कोटा। संस्कृति, साहित्य एवं मीडिया फोरम कोटा द्वारा आयोजित राजस्थान राज्य स्तरीय देशभक्ति बाल कविता लेखन प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की स्मृति एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था।

सह-संयोजक डॉ. वैदेही गौतम ने बताया कि कनिष्ठ वर्ग में झालावाड़ की दक्षिता शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नाथद्वारा के निमिष जोशी द्वितीय तथा भव्यराज जोशी तृतीय स्थान पर रहे। प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए सीमलिया (कोटा) की साक्षी मारोठा, प्रतिभा पाल तथा नाथद्वारा के मन कुमावत और मयंक का चयन किया गया।

वरिष्ठ वर्ग में संयुक्त रूप से नाथद्वारा के प्रमोद सनाढ्य एवं कोटा के महेश पंचोली प्रथम स्थान पर रहे। दौसा के कृष्ण कुमार सैनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संयुक्त रूप से कोटा की साधना शर्मा, जयपुर की तारकेश्वरी तथा डॉ. सुलोचना शर्मा को सम्मानित किया जाएगा। प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए उदयपुर की नम्रता जैन, कोटा की अर्चना शर्मा, भीलवाड़ा के राकेश नाथ योगी, कोटा की रीता गुप्ता एवं उदयपुर के पुरुषोत्तम शाक्यद्वीपीय का चयन किया गया है।

प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 58 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, साहित्यिक अभिरुचि तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देती हैं।