प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में ओबीसी अधिवेशन बना कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, डोटासरा बोले- राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस चल रहा है, जयहिंद ने भाजपा सरकार को बताया मनुवादी, जूली ने दोहराया जातीय जनगणना का मुद्दा, कोटा के ओबीसी अधिवेशन में उमड़ी भीड़ ने हाड़ौती की राजनीति में कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता का बड़ा संदेश दिया।

प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में ओबीसी अधिवेशन बना कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, डोटासरा बोले- राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस चल रहा है, जयहिंद ने भाजपा सरकार को बताया मनुवादी, जूली ने दोहराया जातीय जनगणना का मुद्दा, कोटा के ओबीसी अधिवेशन में उमड़ी भीड़ ने हाड़ौती की राजनीति में कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता का बड़ा संदेश दिया।

यतीश व्यास 

कोटा। चंद्रसेल रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में बुधवार को आयोजित शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिला स्तरीय अधिवेशन एवं पदभार ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कोटा शहर, देहात और हाड़ौती अंचल से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत चतुर्वेदी ने किया। 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से देश में ऐसी सरकार चल रही है जो गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान की मूल भावना को कमजोर करना चाहती है, लेकिन देश की जनता ने समय रहते उनकी मंशा को समझ लिया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में सरकार नहीं बल्कि सर्कस चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस, गरीब और अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन वर्गों के लिए न तो प्रभावी योजनाएं बना रही है और न ही उनके विकास के लिए पर्याप्त प्रावधान कर रही है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी की बात करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। जूली ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लंबे समय तक जातीय जनगणना से बचती रही, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी के दबाव के चलते उसे इसकी घोषणा करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जब तक सभी वर्गों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आएगी, तब तक उनके अधिकारों और विकास की सही योजना नहीं बन सकेगी।

पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों ने सदियों तक देश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है, लेकिन उन्हें आज भी उनकी संख्या और योगदान के अनुरूप सम्मान नहीं मिल पा रहा है। गुंजल ने कहा कि ओबीसी वर्ग को अपना खोया हुआ आत्मसम्मान और अधिकार प्राप्त करने के लिए संगठित होकर अपनी राजनीतिक एवं सामाजिक ताकत को बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है।

प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष हरसहाय यादव ने कहा कि प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में आयोजित यह अधिवेशन ओबीसी वर्ग में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सामाजिक न्याय की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कोटा-बूंदी प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि हाड़ौती में कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रहलाद गुंजल के कांग्रेस में आने के बाद संगठन को नई मजबूती मिली है और आने वाले निकाय तथा पंचायत चुनावों में इसका प्रभाव दिखाई देगा।

अधिवेशन को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव जितेंद्र बघेल, ओबीसी विभाग के वेस्ट इंडिया जोनल इंचार्ज रोहिताश सिंह बेदी, नेशनल कोऑर्डिनेटर राजकमल राव, मोहित चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार, जगदीश शर्मा, डूंगरराम गेंदा सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष अमीन पठान, प्रदेश सचिव मंजूर तंवर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम, युवा नेता ट्विंकल खनूजा, अजय गौड़ पंडित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।