कोटा- सीईएससी राजस्थान की पहल, कैंपस प्लेसमेंट से 25 युवा इंजीनियरों को मिला रोजगार

यतीश व्यास 

कोटा। आरपीएसजी समूह की कंपनी CESC Rajasthan ने राज्य के विभिन्न राजकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों से कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से 25 युवा इंजीनियरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। चयनित युवाओं को कंपनी की विद्युत वितरण इकाइयों केईडीएल (कोटा), बीकेईएसएल (बीकानेर) और बीईएसएल (भरतपुर) में नियुक्त किया जाएगा।

कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) अरुणाभा साहा ने बताया कि कंपनी बेहतर विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की नीति पर कार्य कर रही है। इस वर्ष कोटा तकनीकी विश्वविद्यालय, भरतपुर, जोधपुर, उदयपुर (सीटीएई), बीकानेर और अजमेर के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।

उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक का मानदंड निर्धारित किया गया था। पात्र अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसके बाद सफल उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया। भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र चयन समिति का गठन किया गया था।

साहा ने कहा कि चयनित इंजीनियरों को आरपीएसजी समूह की विभिन्न कंपनियों में भी कार्य करने और पेशेवर अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सभी चयनित अभ्यर्थी राजस्थान के निवासी हैं। इससे पहले भी कोटा इंजीनियरिंग कॉलेज से 25 स्नातक इंजीनियरों और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से 25 डिप्लोमा इंजीनियरों की भर्ती की जा चुकी है, जो वर्तमान में कंपनी की विभिन्न इकाइयों में सेवाएं दे रहे हैं।

71 प्रतिशत से अधिक राजस्थानियों को मिला रोजगार-

सीईएससी राजस्थान की तीनों वितरण कंपनियों में कार्यरत कुल 626 कर्मचारियों में से 447 राजस्थान के निवासी हैं, जो कुल कार्यबल का 71 प्रतिशत से अधिक है। इनमें केईडीएल (कोटा) में 308 में से 228, बीकेईएसएल (बीकानेर) में 225 में से 148 तथा बीईएसएल (भरतपुर) में 106 में से 71 स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया गया है। कंपनी से जुड़े विभिन्न वेंडर्स द्वारा भी बड़ी संख्या में राजस्थान के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।