झालावाड़ में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल का आकस्मिक निरीक्षण, 40% से अधिक कर्मचारी मिले गायब

झालावाड़। प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए सोमवार को जिला मुख्यालय पर राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिससे कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग दिनेश कुमार के निर्देश पर गठित निरीक्षण दल का नेतृत्व शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा ने किया। दल ने सुबह 9:40 बजे अलग-अलग विभागों में पहुंचकर 98 रजिस्टरों की जांच की और कर्मचारियों की उपस्थिति का आकलन किया।

निरीक्षण में सामने आया कि राजपत्रित श्रेणी के 172 अधिकारियों और कर्मचारियों में से 71 अनुपस्थित थे, वहीं अराजपत्रित श्रेणी के 655 कार्मिकों में से 255 अनुपस्थित पाए गए। इतनी बड़ी संख्या में अनुपस्थिति ने सरकारी कामकाज की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यालयों में तो हालात और भी चिंताजनक मिले, जहां कक्षों और मुख्य द्वारों पर ताले लगे हुए थे। इनमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जिला समन्वयक (पीसीपीएनडीटी) का कक्ष, सार्वजनिक निर्माण विभाग उपखंड-द्वितीय के सहायक अभियंता का कक्ष, वाणिज्यिक कर विभाग के सहायक आयुक्त का कक्ष और जिला रोजगार अधिकारी का कक्ष शामिल हैं।

निरीक्षण दल ने सभी अनुपस्थित कार्मिकों की सूची तैयार कर ली है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।