कोटा सीए ब्रांच में प्रतिभाओं का संगम, नेशनल टैलेंट सर्च का आयोजन

कोटा सीए ब्रांच में प्रतिभाओं का संगम, नेशनल टैलेंट सर्च का आयोजन

यतीश व्यास 

कोटा, 25 मई। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के बोर्ड ऑफ स्टडीज-ऑपरेशंस के तत्वावधान में कोटा सीए ब्रांच द्वारा रविवार को नेशनल टैलेंट सर्च 2026-27 कार्यक्रम का आयोजन धानमंडी स्थित एक निजी होटल में किया गया। ब्रांच स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में सीए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत शतरंज, वाद-विवाद, वाद्य संगीत, कविता, पिच डेक, स्केचिंग, वक्तृत्व एवं क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं ज्ञान का उत्कृष्ट परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं में स्केचिंग में सौम्या जैन, चेस में जयेश यादव, डिबेट प्रतियोगिता में दर्शिता (अगेंस्ट) एवं अनुराग (फोर), एलोक्यूशन में नंदिनी खंडेलवाल, पिच डेक में अभिनव शर्मा एवं रोहित कुंदवानी, क्विज प्रतियोगिता में अंयम एवं प्रांजलि तथा पोएट्री प्रतियोगिता में अरशदीप विजेता रहे।

कोटा सीए ब्रांच के चेयरमैन सीए अतिशय जैन ने कहा कि एनटीएस जैसे कार्यक्रम सीए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को क्षेत्रीय स्तर पर कोटा सीए ब्रांच का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

सीकासा चेयरपर्सन सीए ख्याति भंडारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोटा सीए ब्रांच की प्रबंधन समिति एवं सीकासा टीम का विशेष सहयोग रहा।