कोटा: बलिदान दिवस पर राष्ट्रभक्ति कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित

कोटा: बलिदान दिवस पर राष्ट्रभक्ति कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा। शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस पर संकल्प क्रांति संस्था एवं राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सीएडी सर्किल स्थित पुस्तकालय में राष्ट्रभक्ति कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में कोटा सहित बूंदी, बारां, झालावाड़ समेत विभिन्न जिलों के करीब 30 प्रतिभागियों ने भाग लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं प्रस्तुत कीं। शुरुआत में अतिथियों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि डॉ. सकेत गोयल ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और स्वस्थ शरीर ही राष्ट्र सेवा का आधार है। अध्यक्षता कर रहीं जीएसटी उपायुक्त सुनीता डागा ने हर क्षेत्र में ईमानदारी से कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की बात कही। विशिष्ट अतिथि रुचि गोयल ने युवाओं को राष्ट्रवादी विचारों से जोड़ने पर जोर दिया।

निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित करते हुए शिखा अग्रवाल (भीलवाड़ा) को प्रथम, डॉ. वैदेही गौतम (कोटा) को द्वितीय और रचना सोनी (उदयपुर) को तृतीय स्थान दिया। कार्यक्रम में प्रतिभा त्रिपाठी ने ऐसे आयोजनों को राष्ट्रप्रेम बढ़ाने वाला बताया। अंत में संयोजक नरेंद्र मोहन गौतम ने आभार व्यक्त किया।