3 मिनट की देरी पर 24 घंटे का चार्ज! कोटा स्टेशन पार्किंग में मनमानी, यात्री से वसूले 120 रुपये, ट्रेन से उतरकर बाहर आने में हुई मामूली देरी, ठेकेदार ने नहीं मानी बात, शिकायत करने पर यात्री को दी धमकी

3 मिनट की देरी पर 24 घंटे का चार्ज! कोटा स्टेशन पार्किंग में मनमानी, यात्री से वसूले 120 रुपये,  ट्रेन से उतरकर बाहर आने में हुई मामूली देरी, ठेकेदार ने नहीं मानी बात, शिकायत करने पर यात्री को दी धमकी

यतीश व्यास 

कोटा 4 मई। कोटा रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां कार पार्किंग करने वाले एक यात्री से महज तीन मिनट की देरी के बावजूद पूरे 24 घंटे का शुल्क ₹120 वसूल लिया गया।

यात्री के पास मौजूद पार्किंग रसीद के अनुसार उसने 29 अप्रैल को सुबह 05:16 बजे वाहन पार्क किया और शाम 05:20 बजे निकासी की। यानी कुल समय 12 घंटे 3 मिनट रहा। पार्किंग स्लिप पर भी स्पष्ट है कि 0 से 12 घंटे तक का शुल्क अलग और 24 घंटे का अलग निर्धारित है, इसके बावजूद ठेकेदार ने मनमाने तरीके से पूरा दिन का चार्ज वसूल लिया।

पीड़ित यात्री ने जब स्टैंड संचालक को बताया कि ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म से बाहर निकलने में केवल तीन मिनट की देरी हुई है, तो उसकी बात सुनने के बजाय ठेकेदार ने उल्टा धमकाने का लहजा अपनाया और कहा जहां शिकायत करनी है कर लो चार्ज तो देना ही पड़ेगा। हैरान करने वाली बात यह है कि यात्री अपनी पत्नी के साथ था। स्टैंड संचालक ने महिला का लिहाज भी नहीं किया। 

गौरतलब है कि स्टेशन पार्किंग पर इस तरह की अवैध वसूली के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। यात्रियों का आरोप है कि ठेकेदार खुलेआम नियमों की अनदेखी कर मनमानी वसूली कर रहे हैं।