कोटा- खोदकर छोड़ दिया वार्ड 64 में नाला, एक महीने से अधूरा काम, न बेरिकेडिंग न जिम्मेदारी, हजारों लोग रोज झेल रहे जोखिम

कोटा- खोदकर छोड़ दिया वार्ड 64 में नाला, एक महीने से अधूरा काम, न बेरिकेडिंग न जिम्मेदारी, हजारों लोग रोज झेल रहे जोखिम

यतीश व्यास


कोटा 4 मई। नगर निगम में वार्ड पार्षदों का कार्यकाल खत्म होते ही बुनियादी व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी है। विकास कार्यों में कथित भेदभाव के आरोपों के बीच अब आमजन सीधे सरकार और निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर रहा है। ताजा मामला स्टेशन क्षेत्र के वार्ड 64 का है, जहां प्रशासनिक उदासीनता ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

सनफ्लावर रेस्टोरेंट से पोस्ट ऑफिस के बीच स्थित क्रॉस नाला पिछले एक महीने से खुदा पड़ा है। ठेकेदार ने नाले को खोदकर यूं ही छोड़ दिया और उसके बाद से न तो काम आगे बढ़ा और न ही किसी ने इसकी सुध ली। हालात ये हैं कि यह अधूरा काम अब हादसों को न्योता दे रहा है।

सबसे गंभीर बात यह है कि खुदे हुए नाले के आसपास किसी प्रकार की बेरिकेडिंग तक नहीं की गई है। ऐसे में वाहन चालकों को रोज जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है। कई बार छोटे-बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन अव्यवस्था के कारण लोगों को लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है। नतीजतन दूसरी लिंक रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर क्षेत्र में सत्ताधारी दल का प्रतिनिधित्व होता तो शायद हालात अलग होते, लेकिन विपक्षी क्षेत्र होने के कारण यहां के विकास कार्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि क्या सुविधाएं भी अब राजनीति के आधार पर मिलेंगी?