कोटा के सिटी मॉल में आग से मची अफरा-तफरी, बर्गर किंग के पास भड़की लपटें, दमकल ने संभाला मोर्चा

कोटा के सिटी मॉल में आग से मची अफरा-तफरी, बर्गर किंग के पास भड़की लपटें, दमकल ने संभाला मोर्चा

यतीश व्यास 

कोटा 29 अप्रेल। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित झालावाड़ रोड पर बुधवार सुबह सिटी मॉल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मॉल की ऊपरी मंजिल पर स्थित बर्गर किंग रेस्टोरेंट के समीप भड़की, जिसके बाद धुआं और लपटें दूर तक नजर आने लगीं। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।

आग लगते ही मॉल में मौजूद लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया। सुबह का समय होने से अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग घबराकर बाहर की ओर भागते दिखाई दिए। वहीं कुछ लोग घटना के वीडियो बनाते नजर आए, जिनमें ऊपरी मंजिल से उठती आग की लपटें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।

सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मॉल के बाहर एकत्र भीड़ को हटाकर मार्ग साफ कराया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य सुचारू रूप से जारी रह सके। इसके करीब 15 मिनट बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।