कोटा- मोबाईल की बकाया रकम के झगड़े में कार पर हमला, 5-6 लोगों ने की स्कॉर्पियो में तोड़फोड़

कोटा- मोबाईल की बकाया रकम के झगड़े में कार पर हमला, 5-6 लोगों ने की स्कॉर्पियो में तोड़फोड़

यतीश व्यास 

कोटा 25 अप्रेल। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के भदाना इलाके में शुक्रवार तड़के आपसी रंजिश के चलते स्कॉर्पियो कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। करीब आधा दर्जन लोगों ने मिलकर कार को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित मुकेश मीणा ने रेलवे कॉलोनी थाने में नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुकेश ने बताया कि वह मोबाइल की दुकान चलाता है। करीब एक साल पहले आदर्श कॉलोनी निवासी रितिक सैन ने उससे किस्तों पर करीब सवा लाख रुपए का मोबाइल लिया था। समय पर किस्तें नहीं चुकाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते रितिक अपने 4-5 साथियों के साथ आया और उसकी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान शोर सुनकर जब वह बाहर आया तो आरोपी भाग निकले, लेकिन रितिक को उसने पहचान लिया।

मुकेश ने यह भी बताया कि गत वर्ष 23 सितंबर को भी रितिक उसके वाहन में तोड़फोड़ कर चुका है। इस मामले में वह पहले भी कई बार रेलवे कॉलोनी थाना, एसपी और आईजी तक शिकायत कर चुका है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित का कहना है कि पहले मामले में कार्रवाई नहीं होने के कारण ही आरोपियों के हौसले बढ़े और उन्होंने दोबारा वारदात को अंजाम दिया। वहीं, शुक्रवार की घटना में भी रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी का आरोप लगाया गया है।