कोटा- पृथ्वी दिवस पर स्काउट-गाइड व शिक्षा सहकारी का आयोजन, ‘परिंडा अभियान’ के साथ स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत

कोटा- पृथ्वी दिवस पर स्काउट-गाइड व शिक्षा सहकारी का आयोजन, ‘परिंडा अभियान’ के साथ स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत

यतीश व्यास 

कोटा, 22 अप्रैल। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ कोटा दक्षिण और शिक्षा विभाग कर्मचारी सहकारी सभा 696 के संयुक्त तत्वावधान में केशवपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष व स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल रहे, जबकि अध्यक्षता मैनेजर श्याम सुन्दर शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डायरेक्टर दिनेश कुमार मीना मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण से हुई।

प्रकाश जायसवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पृथ्वी का संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस मौके पर परिंडा अभियान की भी शुरुआत की गई। अभियान के तहत गर्मी में पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए करीब 2000 परिंडे विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे। इससे पक्षियों को राहत मिलने के साथ लोगों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।

श्याम सुन्दर शर्मा ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि निरंतर जागरूक रहने का संदेश है। उन्होंने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता सप्ताह का भी शुभारंभ किया गया। इसके तहत विद्यालय परिसर और आसपास सफाई अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भूपेंद्र अग्रवाल, वंदना रावल, मुकेश कसाना, पवन नामदेव, सुमन गुप्ता, सीमा मीना सहित कई शिक्षक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।