कोटा: आध्यात्मिक जागरूकता से मीडिया निभाएगा परिवर्तन की भूमिका, प्रजापिता ब्रह्राकुमारी के सेमिनार में पत्रकारों को आत्मिक सशक्तिकरण का संदेश

कोटा: आध्यात्मिक जागरूकता से मीडिया निभाएगा परिवर्तन की भूमिका, प्रजापिता ब्रह्राकुमारी के सेमिनार में पत्रकारों को आत्मिक सशक्तिकरण का संदेश

यतीश व्यास 

कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कमला उद्यान स्थित केंद्र पर मीडिया द्वारा आध्यात्मिक जागरण से विश्व परिवर्तन विषय पर आयोजित सेमिनार में कई मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और पत्रकारिता के संतुलन पर विशेष जोर दिया गया। पत्रकारों ने आध्यात्मिक आर्ट गैलरी का अवलोकन भी किया। 

मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारी मीडिया प्रभारी एवं मधुबन न्यूज के चीफ एडिटर बीके कोमल भाई ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका बेहद जिम्मेदार होती है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से राजयोग मेडिटेशन को जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे मन में सकारात्मकता बढ़ती है, मानसिक शांति मिलती है और कार्य में संतुलन व प्रभावशीलता आती है। उन्होंने सभी को माउंट आबू आकर आध्यात्मिक अनुभव लेने का आमंत्रण भी दिया।

इंदौर से आईं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके अनीता दीदी ने कहा कि मीडिया कर्मी समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, लेकिन उन्हें अपनी आंतरिक शांति और आत्मिक सशक्तिकरण के लिए नियमित ध्यान करना जरूरी है। उन्होंने आत्मिक उन्नति को जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम में आशीर्वचन देते हुए कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी ने सभी पत्रकारों का आभार जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोटा और जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ़ राजस्थान जार के प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।