कोटा: बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार जरूरी- प्रेरणा जायसवाल, स्काउट-गाइड ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

कोटा: बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार जरूरी- प्रेरणा जायसवाल, स्काउट-गाइड ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

यतीश व्यास 

कोटा, 23 अगस्त। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे वन एवं वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत रविवार को आंवली वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जेडीबी कॉलेज की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला उपप्रधान प्रेरणा जायसवाल मुख्य अतिथि रहीं।

शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास के स्काउट्स तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव के स्काउट-गाइड ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रेरणा जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के संस्कार बचपन से विकसित किए जाने चाहिए। स्काउट-गाइड गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, सेवा, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन के दौर में अधिक से अधिक पौधे लगाना और वन क्षेत्रों को सुरक्षित रखना जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाना चाहिए।