कोटा-बारां शहर से चोरी की 5 बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक व सुनसान इलाकों से चुराता था मोटरसाइकिलें

कोटा-बारां शहर से चोरी की 5 बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, सार्वजनिक व सुनसान इलाकों से चुराता था मोटरसाइकिलें

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत कार्रवाई करते हुए कोटा और बारां जिले से चोरी हुई पांच मोटरसाइकिलें तथा एक सोने का मंगलसूत्र बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि सांगोद थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरिओम उर्फ हरीश (22) निवासी सुल्तानपुर, हाल सांगोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थानों और सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को सांगोद निवासी अंसार अहमद की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसका एक साथी मुकेश मीणा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपी ने सांगोद, सुल्तानपुर, कोटा शहर, सीमलिया तथा बारां जिले के सीसवाली क्षेत्र से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें और ग्राम तालछी से चोरी हुआ एक सोने का मंगलसूत्र बरामद कराया। आरोपी चोरी की गई बाइकों की नंबर प्लेट बदल देता था तथा चेसिस और इंजन नंबर घिसकर उनकी पहचान मिटाने का प्रयास करता था।

पुलिस ने बताया कि पिछले तीन माह में विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुई करीब 80 मोटरसाइकिलें बरामद कर वाहन मालिकों को सुपुर्द की जा चुकी है।