कोटा रेल मंडल का स्थापना दिवस 1 अप्रैल को: रेल प्रदर्शनी में कवच समेत कई तकनीकें होंगी प्रदर्शित, आमजन के लिए निःशुल्क रहेगा प्रवेश

कोटा रेल मंडल का स्थापना दिवस 1 अप्रैल को: रेल प्रदर्शनी में कवच समेत कई तकनीकें होंगी प्रदर्शित, आमजन के लिए निःशुल्क रहेगा प्रवेश

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा रेल मंडल के स्थापना दिवस पर 1 अप्रैल को रेलवे स्टेशन के पास स्थित मेनाल ऑफिसर्स क्लब में रेल प्रदर्शनी आयोजित होगी। प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में रेलवे के विभिन्न विभाग, इंजीनियरिंग, वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल, कार्मिक, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, परिचालन और विद्युत अपने स्टॉल लगाएंगे। इनमें आधुनिक तकनीक, विभागीय उपलब्धियों और यात्री सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

प्रदर्शनी में कवच 4.0 ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, अमृत भारत स्टेशन योजना, 2×25 केवी विद्युतीकरण, हाई स्पीड ट्रायल, रेल मदद और रेलवन ऐप सहित कई नवाचारों को फ्लेक्स, डिजिटल डिस्प्ले और मॉडल्स के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।

रेलवे ने शहरवासियों, विद्यार्थियों और रेल प्रेमियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर रेलवे की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीक को करीब से जानने की अपील की है।