मुंबई की बारिश ने बिगाड़ा रेल संचालन, कोटा होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द और कई के बदले मार्ग, जानिए अपडेट..

मुंबई की बारिश ने बिगाड़ा रेल संचालन, कोटा होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द और कई के बदले मार्ग, जानिए अपडेट..

यतीश व्यास 

कोटा। मुंबई मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव का असर रेल यातायात पर पड़ा है। इसके चलते कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को देरी से चलाने, कुछ के मार्ग बदलने और कुछ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की स्थिति में बदलाव किया गया है। बांद्रा टर्मिनस से बरौनी जाने वाली अवध एक्सप्रेस 8 जुलाई को अपने निर्धारित समय रात 10 बजे के बजाय रात 11:25 बजे रवाना होगी। वहीं गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस, गोमती नगर एक्सप्रेस, हरिद्वार एक्सप्रेस, जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस, जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, पुणे-जयपुर एक्सप्रेस और हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस भी अपने तय समय से देरी से चलेंगी।

भारी बारिश के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। गोवा-चंडीगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस अब पनवेल, इगतपुरी, मनमाड, जलगांव और पालधी होकर चलेगी। वहीं जयपुर-पुणे एक्सप्रेस को सूरत, पालधी, मनमाड और दौंड कॉर्ड लाइन के रास्ते संचालित किया जाएगा।

बारिश और जलभराव के कारण बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल-हिसार दुरंतो एक्सप्रेस, हिसार-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-जयपुर एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है।