कोटा: महिला सुरक्षा के लिए एक माह का विशेष अभियान शुरू, संवेदनशील पुलिसिंग पर रहेगा फोकस

कोटा: महिला सुरक्षा के लिए एक माह का विशेष अभियान शुरू, संवेदनशील पुलिसिंग पर रहेगा फोकस

यतीश व्यास 

कोटा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर महिला सुरक्षा को लेकर एक माह तक चलने वाले महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की शुरुआत  पुलिस लाइन में संपर्क सभा के साथ हुई। यह अभियान 1 से 29 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े हर मामले में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी शिकायत का भी प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा, चंचल मिश्रा, मुकेश सांखला, सभी वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी, सुरक्षा सखियां तथा सरकारी एवं निजी स्कूलों की छात्राएं मौजूद रहीं।

सभा में पॉक्सो एक्ट, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा योजनाओं और हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। साथ ही राजकॉप सिटीजन ऐप का लाइव प्रदर्शन कर अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं ने भाग लिया।