कोटा मेडिकल कॉलेज में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, महिला को मिली नई जिंदगी

कोटा मेडिकल कॉलेज में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, महिला को मिली नई जिंदगी

यतीश व्यास 

कोटा। मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (एसएसबी) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी कर बारां निवासी 53 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है। करीब एक वर्ष से लगातार सिरदर्द, चक्कर और मिर्गी के दौरे की समस्या से जूझ रही महिला का अत्याधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।

बारां जिले की निवासी रुकसाना को मिर्गी का दौरा पड़ने पर पहले बारां के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कोटा रेफर किया गया। यहां न्यूरोसर्जरी विभाग में की गई एमआरआई समेत अन्य जांचों में मस्तिष्क के ओल्फैक्टरी ग्रूव क्षेत्र में बड़ा ट्यूमर (ओल्फैक्टरी ग्रूव मेनिन्जियोमा) पाया गया।

वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. एस. एन. गौतम के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीज की जटिल सर्जरी की। सर्जरी टीम में डॉ. बनेश जैन, डॉ. कल्प शांडिल्य, डॉ. कनिष्क गोयल और डॉ. अलंकार शर्मा शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. मनोज सिंघल ने किया, जबकि डॉ. देवराज और डॉ. रोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है। लंबे समय से चली आ रही सिरदर्द और चक्कर की समस्या में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मरीज और परिजनों ने सफल उपचार के लिए मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।