गन्ने की मशीन का एक माह का बिजली बिल 2.66 लाख रुपए, उपभोक्ता बोला- बिल देखकर बैठ गया दिल, केईडीएल पर मनमाने बिल भेजने का आरोप, उपभोक्ताओं में आक्रोश

गन्ने की मशीन का एक माह का बिजली बिल 2.66 लाख रुपए, उपभोक्ता बोला- बिल देखकर बैठ गया दिल, केईडीएल पर मनमाने बिल भेजने का आरोप, उपभोक्ताओं में आक्रोश

यतीश व्यास 

कोटा, 23 जून। शहर के श्रीपुरा चौराहे पर गन्ने की मशीन संचालित करने वाले उपभोक्ता धनराज सुमन ने बिजली कंपनी केईडीएल पर गलत और अत्यधिक बिजली बिल भेजने का आरोप लगाया है। धनराज का कहना है कि उनकी गन्ने की मशीन का मासिक बिजली बिल सामान्यतः 2 से 3 हजार रुपए के बीच आता रहा है, लेकिन इस बार उन्हें 2 लाख 66 हजार 276 रुपए का बिल थमा दिया गया, जिसे देखकर वे हैरान रह गए।

धनराज सुमन ने अपनी समस्या बिजली उपभोक्ता संरक्षण समिति के संयोजक हिम्मत सिंह के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि बिल में सुधार के लिए वे लगातार केईडीएल कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।

इस दौरान हिम्मत सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति संबंधित विभाग गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिल भेजे जा रहे हैं, शिकायत करने पर मीटर जांच और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर परेशान किया जाता है। उनका कहना था कि यदि बिल में त्रुटि है तो उसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए, लेकिन उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

हिम्मत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली संबंधी शिकायतों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करना मुश्किल हो गया है। फोन कॉल्स का जवाब नहीं मिलता और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा।

उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को लेकर आमजन में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उपभोक्ताओं को बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।