12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के नाम- अशोक परनामी, भाजपा की विचारधारा पर जनता का बढ़ा भरोसा- छगन माहुर

12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के नाम- अशोक परनामी, भाजपा की विचारधारा पर जनता का बढ़ा भरोसा- छगन माहुर

यतीश व्यास 

कोटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निजी होटल में भाजपा का जन सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी मुख्य वक्ता तथा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर मुख्य अतिथि रहे।

अशोक परनामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह कार्यकाल विकास, सुशासन, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के लिए जाना जाता है। परनामी ने कहा कि पिछले एक दशक में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से मुफ्त राशन तथा आयुष्मान भारत योजना के जरिए करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने जैसे कार्य किए गए हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। यही कारण है कि पार्टी की विचारधारा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने उल्लेखनीय प्रगति की है और भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हेमंत सिंह सोजपुर ने किया। सम्मेलन में आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्यामसुंदर शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर, मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, डग विधायक कालूलाल मेघवाल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।