कोटा: राहुल गांधी के कोटा दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल बोले- यह पॉलिटिकल ड्रामा है, परीक्षा से चार दिन पहले छात्रों से कैसे होगा सार्थक संवाद?

कोटा: राहुल गांधी के कोटा दौरे पर  बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल बोले- यह पॉलिटिकल ड्रामा है, परीक्षा से चार दिन पहले छात्रों से कैसे होगा सार्थक संवाद?

यतीश व्यास 


कोटा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल ने राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक गतिविधि करार दिया।

कोटा प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में बंसल ने कहा कि नीट यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पहले ही कार्रवाई कर चुकी है और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 21 जून को परीक्षा आयोजित होनी है, ऐसे में परीक्षा से ठीक पहले छात्रों के बीच संवाद कार्यक्रम की प्रासंगिकता समझ से परे है।

बंसल ने कहा कि यदि कुछ ही दिनों बाद विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण परीक्षा है तो ऐसे समय में राजनीतिक संवाद का उद्देश्य क्या है, यह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बंसल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है तथा जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य लंबे समय से राजनीतिक हिंसा और अस्थिरता का सामना करता रहा है। पहले वामपंथी शासन और बाद में तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल से जनता में असंतोष बढ़ा, जिसका असर चुनावी माहौल में भी देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि बदलाव की इच्छा ने वहां मतदान को नई दिशा दी।

तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के भाजपा में आने संबंधी चर्चाओं पर बंसल ने कहा कि किसी सांसद ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की है। उनके अनुसार कुछ नेताओं ने अन्य राजनीतिक दलों का रुख किया है, जिन्होंने बाद में एनडीए को समर्थन दिया।

हाल ही में चर्चा में आई कॉकरोच पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में समय-समय पर नए प्रयोग होते रहे हैं, लेकिन जनता अंततः उनकी उपयोगिता का मूल्यांकन करती है।

इस मौके पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।