कोटा- बाथरूम में गिरने से रेलवे के सीटीआई की मौत, शरीर पर चोट के निशान

कोटा- बाथरूम में गिरने से रेलवे के सीटीआई की मौत, शरीर पर चोट के निशान

यतीश व्यास 

कोटा 25 मई। शहर में रविवार को रेलवे के मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाथरूम में चक्कर आने से गिरने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को रेलवे अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम सोमवार को एमबीएस अस्पताल में किया जाएगा।

मृतक की पहचान आशीष चतुर्वेदी (50) निवासी बजाज खाना, रामपुर के रूप में हुई है। वे कोटा रेलवे स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) के पद पर कार्यरत थे।

मृतक के भाई अनुपम चतुर्वेदी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे आशीष नहाने के लिए बाथरूम में गए थे। इसी दौरान अचानक चक्कर आने से वे बाथरूम में गिर पड़े। घर में मौजूद पत्नी और बेटी ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन उन्हें रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने भी जांच के बाद मौत की पुष्टि की। अस्पताल की रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान होने का उल्लेख किया गया है। सूचना मिलने पर रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने मृतक के क्षेत्र रामपुरा कोतवाली थाना को अवगत कराया।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।

आशीष चतुर्वेदी के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र मुंबई में पढ़ाई करता है, जबकि उनकी बहन भी मुंबई में रहती हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों कोटा पहुंच गए।