कोटा: रेल सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की एंट्री- कोटा मंडल और AWPO के बीच हुआ एमओयू, 31 पॉइंट्समैन पदों पर होगी तैनाती

कोटा: रेल सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की एंट्री- कोटा मंडल और AWPO के बीच हुआ एमओयू, 31 पॉइंट्समैन पदों पर होगी तैनाती

यतीश व्यास 

कोटा, 21 अप्रेल। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के नेतृत्व में कोटा रेल मंडल और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन (AWPO) के बीच मंगलवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के तहत कोटा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 31 पॉइंट्समैन पदों पर पूर्व सैनिकों की तैनाती की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इनकी भौतिक तैनाती की प्रक्रिया अगले 15 दिनों में शुरू कर दी जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा रेल परिचालन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। यह पश्चिम मध्य रेलवे में पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियुक्त करने के लिए किया गया दूसरा एमओयू है।

समझौते पर कोटा रेल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अविरल शर्मा ने हस्ताक्षर किए, जबकि AWPO की ओर से कर्नल मुकेश तिवारी (सेवानिवृत्त) ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।