कोटा: मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक तकनीक से पिट्यूटरी ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, महिला को मिली नई जिंदगी

कोटा: मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक तकनीक से पिट्यूटरी ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, महिला को मिली नई जिंदगी

यतीश व्यास 

कोटा। मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एंडोस्कोपिक तकनीक से पिट्यूटरी ब्रेन ट्यूमर की जटिल सर्जरी कर महिला को नई जिंदगी दी है। छबड़ा जिले के नयागांव निवासी लता बाई पिछले छह माह से लगातार सिरदर्द और आंख की रोशनी कम होने की समस्या से पीड़ित थीं। स्थानीय उपचार से राहत नहीं मिलने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया। जांच में पिट्यूटरी ग्रंथि में बड़ा ट्यूमर (पिट्यूटरी मैक्रो एडेनोमा) पाया गया, जो दृष्टि और हार्मोन संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न कर सकता है।

वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. एस. एन. गौतम के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने एंडोस्कोपिक ट्रांसनेजल सर्जरी का निर्णय लिया।
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है। लंबे समय से चला आ रहा सिरदर्द कम हुआ है और बाईं आंख की दृष्टि में भी सुधार हुआ है। डॉ. ने बताया कि पिट्यूटरी मैक्रो एडेनोमा का समय पर इलाज और एंडोस्कोपिक तकनीक से उपचार मरीज की दृष्टि और जीवन बचाने में महत्वपूर्ण है। मेडिकल कॉलेज कोटा में अब इस प्रकार की जटिल मस्तिष्क सर्जरियां नियमित रूप से की जा रही हैं।