कोटा: बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संकल्प, स्काउट-गाइड शिविर में विचार गोष्ठी

कोटा: बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संकल्प, स्काउट-गाइड शिविर में विचार गोष्ठी

यतीश व्यास 

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण एवं शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के दौरान बुधवार को बाल विवाह एक अभिशाप विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

स्थानीय संघ सचिव एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना था।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए शिक्षाविद् गिरिराज जोशी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में सबसे बड़ी बाधा है। कम उम्र में विवाह होने से बालक-बालिकाओं के सपने और लक्ष्य अधूरे रह जाते हैं तथा उनका भविष्य प्रभावित होता है।

सपना अग्रवाल ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि कानूनी अपराध भी है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

योगिता महावर ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याएं उत्पन्न होती हैं तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में वृद्धि होती है। समाज को संवेदनशील बनाकर और युवाओं को जागरूक कर ही इस कुप्रथा का समूल नाश किया जा सकता है।