कोटा- निजी बिजली कंपनी KEDL पर गंभीर आरोप, जांच कमेटी को सौंपे गबन के दस्तावेज

कोटा- निजी बिजली कंपनी KEDL पर गंभीर आरोप, जांच कमेटी को सौंपे गबन के दस्तावेज

यतीश व्यास 

कोटा 8 मई। निजी बिजली कंपनी KEDL की कार्यप्रणाली की जांच के लिए जयपुर से आई कमेटी को हिम्मत सिंह ने पुख्ता दस्तावेज सौंपते हुए कंपनी को टर्मिनेट करने की मांग उठाई। नयापुरा स्थित जेवीवीएनएल मुख्य अभियंता कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान हुई बैठक में हिम्मत सिंह ने कंपनी पर 80 लाख यूनिट बिजली चोरी और गबन के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में वर्ष 2020 में मुकदमा भी दर्ज हुआ था, इसके बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

हिम्मत सिंह ने कहा कि KEDL के खिलाफ बढ़ते बिजली बिल, वीसीआर और लापरवाही को लेकर हजारों उपभोक्ताओं की शिकायतें हैं। पूर्व और वर्तमान सरकार के स्तर पर भी कई बार जांच कमेटियां गठित हुईं और मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन हर बार कंपनी को क्लीन चिट मिलती रही।

उन्होंने जांच कमेटी से कहा कि यदि सरकार गंभीर है तो वे और भी सबूत देने को तैयार हैं। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रस्तुत दस्तावेजों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिम्मत सिंह ने बताया कि वे वर्ष 2018, 2019, 2021 और 2025 में भी मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, बिजली विभाग की सीएमडी आरती डोगरा समेत उच्च स्तर पर ज्ञापन और दस्तावेज सौंप चुके हैं।